दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू सम्मानित
नई दिल्ली, 29 मार्च 2026
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार हरमीत सिंह कालका ने बताया कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा संगतों के भरपूर सहयोग से मनाए जा रहे “243वें दिल्ली फतेह दिवस” के पावन अवसर पर पहले दिन के गुरमत समागम लाल किला मैदान में बड़ी धूमधाम और गुरबाणी के आध्यात्मिक वातावरण में आरंभ हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक समागम के पहले दिन दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगतों ने श्रद्धा, उत्साह और चढ़दी कला के भाव के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर गुरु घर के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा का परिचय दिया। संगतों की विशाल भागीदारी ने समागम को विशेष गरिमा प्रदान की और पूरा वातावरण गुरबाणी के रस से गुंजायमान हो उठा।
सरदार हरमीत सिंह कालका ने जानकारी देते हुए बताया कि फतेह दिवस के पहले दिन दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू सहित महापुरुषों, समस्त सिख जत्थेबंदियों, निहंग सिंह जत्थेबंदियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख एवं सम्मानित हस्तियों को सम्मानित कर उनके देश के प्रति अमूल्य योगदान की सराहना की गई।
उन्होंने कहा कि दिल्ली फतेह दिवस केवल एक ऐतिहासिक स्मृति नहीं है, बल्कि सिख कौम की बहादुरी, आध्यात्मिकता और बलिदान की महान विरासत का प्रतीक है, जिसे मनाना प्रत्येक सिख के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत है। यह समागम आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है।












