पंजाब पुलिस ने जम्मू और कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर पाकिस्तान से जुड़े दो संदिग्ध आतंकवादियों को मालेरकोटला के गांव शेरवानी कोटे से गिरफ्तार किया है। दोनों संदिग्धों की पहचान अब्बू गाबा और उस्मान के रूप में हुई है। उनके पास से एक .32 बोर की पिस्तौल, तीन कारतूस और चार मोबाइल जब्त किए गए हैं।सूत्र बताते हैं कि दोनों पकड़े गए युवाओं की शक्ल पाकिस्तान से जुड़े दो आतंकियों से मिलती है। इसके चलते उनकी गिरफ्तारी की गई है। दोनों कथित आरोपी मालेरकोटला में लंबे समय से किराए के मकान में रह रहे थे। मालेरकोटला पुलिस को स्थानीय ड्रग तस्कर की जांच के दौरान इन दोनों के बारे में पता चला। दोनों को युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के तहत हिरासत में लिया गया था। उनकी पहचान जम्मू और कश्मीर में वांछित दो आतंकवादियों से मेल खाती है जिनके आगे लिंक पाकिस्तान के साथ सीधे तौर पर बताए जा रहे हैं। हालांकि इस गिरफ्तारी के बारे में किसी भी पुलिस अधिकारी ने कोई पुष्टि नहीं की लेकिन सूत्रों ने पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ जम्मू कश्मीर पुलिस पहुंची थी। फोटो के आधार पर ही दोनों को गिरफ्त में लिया गया है।उक्त दोनों कथित आरोपी पिछले 15 साल से भारत में अलग-अलग जगह पर किराए के मकान में रहते आए हैं लेकिन इनके किसी भी राष्ट्रविरोधी काम के बारे में स्थानीय किसी भी व्यक्ति को कभी कोई संदेह नहीं हुआ था। मालेरकोटला पुलिस ने हाल ही में राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एक हालिया मामले में, सीआईए और साइबर क्राइम विंग ने धर्म के नाम पर मुसलमानों को कट्टरपंथी बनाने के आरोप में तीन स्थानीय बदमाशों लोहारा मलेर के फरहान अंजुम, मालेरकोटला के शेखान वाला के अदनान खान और मंडियाला के वारिस अली को गिरफ्तार किया है।












