कपूरथला। फगवाड़ा में डीएसपी योगेश कुमार की सरकारी रिवॉल्वर से ही गोली चलने से मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस स्टेशन सदर फगवाड़ा के पास स्थित उनके सरकारी क्वार्टर में हुई।बताया जा रहा है कि गोली उनके सीने में लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत जालंधर के जोहल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, डीएसपी योगेश कुमार हाल ही में एएनटीएफ पंजाब से ट्रांसफर होकर चंडीगढ़ में एजीसीएमएस, बीओआई में तैनात किए गए थे।एसपी फगवाड़ा माधवी शर्मा ने बताया कि सुबह वो अपनी सरकारी रिवॉल्वर को साफ कर रहे थे तो अचानक से गोली चल गई जोकि डीएसपी योगेश कुमार की छाती पर लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो वहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हालांकि. प्राथमिक जांच में इसे एक दुर्घटना माना जा रहा है. लेकिन पुलिस प्रशासन हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रहा है. फगवाड़ा की एसपी (SP) माधवी शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या अधिकारी किसी मानसिक तनाव में थे. फिलहाल. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.











