खाई में गिरी बस, 20 लोगों की मौत

 

जम्मूकश्मीर के उधमपुर जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 से 20 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा सोमवार सुबह रामनगर क्षेत्र के कागोट गांव के पास हुआ था, जब एक यात्री बस पहाड़ी सड़क पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।बस एक दूरदराज के गांव से उधमपुर की ओर जा रही थी, तभी एक मोड़ पर चालक का नियंत्रण खो गया और वाहन खाई में जा गिरा। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। प्रशासन और पुलिस की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने उधमपुर के उपायुक्त से बात की और गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं।इस भीषण बस हादसे में 20 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोगों के घायल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरा शोक व्यक्त किया है।प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता दी जाएगी।उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर दुख जताते हुए प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेज करने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें