सोनीपत के गोहाना की देवी नगर कॉलोनी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पिता ने अपनी ही 23 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में आ गए।गोहाना की देवीनगर कॉलोनी निवासी तन्नू (23) जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) की छात्रा थी। रविवार को तन्नू का शव घर में खून से लथपथ अवस्था में मिला। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या गले पर धारदार हथियार से वार कर की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कराया। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट्स व अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। युवती की हत्या का आरोप उसके पिता पर लगा है।मामले की सूचना के बाद डीसीपी गोहाना जितेंद्र भी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।












