जागो में बुलाकर ज्वेलर को मारी गोली, बचपन की दोस्ती भूल गया आरोपी

 

जगरांव के गांव मलक में गुरुवार देर रात जागो समारोह के दौरान एक ज्वेलर को गोली मार दी गई जिससे उसकी माैत हो गई। मृतक की पहचान मुल्लांपुर निवासी परमिंदर सिंह लवली के रूप में हुई है। वह रात को गांव मलक में अपने दोस्त जरनैल सिंह के साले की शादी के जागो समारोह में शामिल होने आया था। अब पुलिस ने जरनैल सिंह पर ही हत्या का केस दर्ज किया है। केस मृतक के मैनेजर गुरविंदर सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। आरोपी जरनैल सिंह परमिंदर सिंह के बचपन का दोस्त था लेकिन बिजनेस में सफलता के कारण उससे दिल ही दिल में खार रखता था। साजिश के तहत आरोपी परमिंदर अन्य लोगों को अपने साले के जागो समारोह में लेकर गया था। वहीं पर आरोपी ने मारने की नीयत से परमिंदर सिंह लवली पर गोलियां चला दी थीं। घटना के समय डीजे पर नाचगाना चल रहा था। इसी दौरान परमिंदर सिंह पर दो गोलियां चलाई गई। डीजे की तेज आवाज के कारण पहले किसी को गोलियों की आवाज सुनाई नहीं दी। जब परमिंदर खून से लथपथ होकर गिरे, तब लोगों को घटना का पता चला।परमिंदर सिंह राज ज्वैलर का मालिक था। करीब 6 महीने पहले भी उसे धमकी भी मिली थी जिसके चलते उसने अपनी प्राइवेट सुरक्षा ले रखी थी।

Leave a Comment