गुरुद्वारा मजनूं टिल्ला साहिब से लाल किले तक संगतों की श्रद्धाभरी उपस्थिति
नई दिल्ली, 29 मार्च 2026
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार हरमीत सिंह कालका ने बताया कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा मनाए जा रहे 243वें दिल्ली फतेह दिवस के दूसरे दिन ऐतिहासिक जर्नैली फतेह मार्च की शुरुआत गुरुद्वारा मजनूं टिल्ला साहिब से अरदास के उपरांत धन–धन साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पवित्र हुकमनामा लेकर बड़ी श्रद्धा, अनुशासन और चढ़दी कला के भाव के साथ की गई, जो विशाल जत्थे के रूप में लाल किले पहुंचा।
उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा मजनूं टिल्ला साहिब से लाल किले तक निकले इस शानदार जर्नैली फतेह मार्च का समूची संगतों द्वारा मार्ग भर अत्यंत उत्साह, श्रद्धा और सम्मान के साथ स्वागत किया गया। संगतों की विशाल और उत्साहपूर्ण भागीदारी ने मार्च को विशेष आध्यात्मिक रंग प्रदान किया और पूरा वातावरण “बोले सो निहाल” के जयकारों से गूंजता रहा।
सरदार हरमीत सिंह कालका ने आगे बताया कि बड़ी संख्या में संगतों ने इस ऐतिहासिक फतेह मार्च में शामिल होकर न केवल गुरु साहिब के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा का परिचय दिया, बल्कि इस महान ऐतिहासिक समागम का हिस्सा बनकर गुरु साहिब की खुशियां भी प्राप्त कीं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली फतेह दिवस सिख कौम की बहादुरी, अटूट आध्यात्मिकता और गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत का जीवंत प्रतीक है, जिसके माध्यम से युवा पीढ़ी को अपने गौरवमयी अतीत से जोड़ने का महत्वपूर्ण संदेश भी प्रसारित होता है।











