अमेरिका और ईरान की जंग के बीच हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। ईरान ने दुबई में हमला किया है। ऐसे में भारत ने दुबई की सभी फ्लाइट्स रोक दी हैं। दुबई हवाई अड्डे को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। ऐसे में पंजाब की स्कूल प्रिंसिपल दुबई में फंस गई हैं। बठिंडा के एसएसडी गर्ल्स कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. नीरू गर्ग परिवार समेत दुबई में फंस गई हैं। प्रिंसिपल ने दुबई के होटल से एक वीडियो जारी करके भारत सरकार से मदद की अपील की है। वीडियो के जरिये डॉ. नीरू गर्ग ने बताया कि वह परिवार समेत 23 फरवरी दुबई घूमने गई थीं। 28 फरवरी (शनिवार) को भारत वापसी होनी थी। शनिवार को जब वह वापस भारत आने के लिए फ्लाइट लेने दुबई एयरपोर्ट पर गए तो सुबह 11 बजे एयरपोर्ट बंद करने का एलान कर दिया गया। उनको एंबेसी के कार्यालय में संपर्क करने के लिए कहा गया। जब भारतीय दूतावास गए तो वहां कार्यालय बंद था। इसके बाद वो रात 10 बजे तक किसी तरह 20 किलोमीटर दूर पैदल चलकर एक होटल पहुंचे, जहां उन्होंने जैसे–तैसे रात काटी। वहीं आज (रविवार) सुबह 11 बजे उन्हें होटल खाली करने के लिए कह दिया गया है। प्रिंसिपल डॉ. नीरू गर्ग ने बताया कि अब उनके रुपये की खत्म हो चुके हैं। वह बीपी की मरीज हैं और उनके पास बीपी की दवाई भी नहीं है। इसलिए वह इस वीडियो जरिये भारत सरकार को अपील करती हैं कि उनकी सहायता करके वापिस भारत लाया जाए। ईरान ने अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त हमलों के जवाब में संयुक्त अरब अमीरात पर 137 मिसाइलें और 209 ड्रोन से हमला किया। मुख्य निशाना अबु धाबी के पास स्थित अल–धफरा एयर बेस था। यूएई की मिसाइल रक्षा प्रणालियों ने अधिकांश मिसाइलें और ड्रोन हवा में ही नष्ट कर दिए, लेकिन गिरते मलबे ने दुबई के पांच प्रमुख स्थानों हवाई अड्डा, बुर्ज अल अरब, पाम जुमेराह, बुर्ज खलीफा क्षेत्र और जेबल अली बंदरगाह को नुकसान पहुंचाया। इस हमले में कुल आठ लोग घायल हुए हैं।












