नई दिल्ली 1 मार्च, 2026
सरदार हरमीत सिंह कालका, अध्यक्ष दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बताया कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा 327वें खालसा साजना दिवस को समर्पित गुरमत प्रचार लहर को और अधिक सफल बनाने तथा सिख संगत को अमृत धारण करने के लिए प्रेरित करने के पवित्र उद्देश्य से भाई लख़ी शाह वंजारा हाल, गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब जी में व्यापक स्तर पर अमृत संचार का उच्च कोटि का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह महान समागम सिख कौम की आध्यात्मिक मजबूती, खालसाई सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा तथा गुरु साहिबान द्वारा प्रदत्त रहित-मर्यादा को जीवन में अपनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।
उन्होंने आगे बताया कि इस संबंध में दिल्ली भर की समस्त सिंह सभाओं के प्रबंधकों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें अमृत संचार के सुचारु और सफल संचालन के लिए गंभीर एवं सक्रिय विचार-विमर्श किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित प्रबंधकों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए इस महान कार्य को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सरदार कालका ने समस्त संगतों से विनम्र अपील की कि वे इस पवित्र अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में अमृत छककर गुरु साहिब की रहित के अनुसार जीवन व्यतीत करें तथा खालसा पंथ की चढ़दी कला में अपना योगदान दें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रयास युवा पीढ़ी में खालसाई चेतना को सुदृढ़ करेगा और गुरमत के प्रकाश को प्रत्येक घर तक पहुँचाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।












