फरीदकोट में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर गांव कलेर के पास तेज रफ्तार बस का कहर देखने को मिला। एक निजी कंपनी की बस ने मिट्टी से जुड़े काम के सिलसिले में जा रही दो अलग-अलग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को टक्कर मार दी। हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित स्कूल की दीवार से जा टकराई। मृतक की पहचान गांव ढुडी निवासी हुस्नदीप सिंह उर्फ जोत के रूप में हुई है, जबकि घायल पिता की पहचान बलराज सिंह के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक पिता-पुत्र अलग-अलग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सवार होकर फरीदकोट से अपने गांव लौट रहे थे। गांव कलेर के पास पीछे से आई ए न्यू दीप कंपनी की बस ने पहले एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी और फिर दूसरी को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हुस्नदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया। उसके पिता का उपचार जारी है। उधर, अकाली दल वारिस पंजाब के वरिष्ठ नेता एवं कोटकपूरा हलका इंचार्ज रछपाल सिंह सोसन ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे पर चिंता जताई। उन्होंने कलेर के पास हाईवे कट को हादसों का कारण बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और तेज रफ्तार बसों पर लगाम लगाने की मांग की।







