जालंधर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर हुआ, जहां बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे युवकों की फॉक्सवैगन कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश के बेटे विदित ओलक और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थाना बारादरी के प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल चौधरी के मुताबिक, पुलिस को तड़के करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। कूड़ा-कचरा इकट्ठा करने और उसे ले जाने के लिए फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की गई थी। पुलिस के अनुसार, कार बीएमसी चौक की ओर से बीएसएफ चौक की तरफ जा रही थी। इसी दौरान कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के समय कार में कुल पांच युवक सवार थे, जिनमें से दो की मौत हो गई। थाना प्रभारी साहिल चौधरी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के परिजनों ने पुलिस से आगे की कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के शव परिवारों को सौंप दिए गए। कार में सवार अन्य तीन युवक हादसे के बाद अपने घर जा चुके थे।
बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे युवकों की कार खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई जिस कारण ये हादसा हुआ। हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। 






