पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को श्रीगंगानगर रोड स्थित अबोहर में रैली स्थल पर पहुंचे, जहां हजारों की संख्या में मौजूद महिलाओं और पुरुषों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत 37 लाख 43 हजार महिलाओं के खातों में करीब 1291 करोड़ रुपये की राशि जारी करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर पूरा पंडाल आम आदमी पार्टी जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। अपने संबोधन में सीएम मान ने कहा कि पिछली सरकारें हमेशा पंजाब का खजाना खाली होने का रोना रोती थीं, लेकिन उनकी सरकार ने विकास कार्यों के लिए कभी पैसों की कमी का बहाना नहीं बनाया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने हजारों युवाओं को बिना रिश्वत और सिफारिश के सरकारी नौकरियां दी हैं। वहीं, पिछली सरकारों के कार्यकाल में नौकरी पाने के लिए नोटों से भरे अटैची देने पड़ते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के करीब 90 प्रतिशत बिजली उपभोक्ताओं के बिल जीरो आ रहे हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना के तहत अब तक करीब 54 लाख लोगों के 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कार्ड बनाए जा चुके हैं।मान ने कहा कि उनकी सरकार सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के लोगों तक पहुंचा रही है। यहां तक कि विरोधी दलों से जुड़े परिवारों को भी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रखा जा रहा है। रैली में महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि माताओं-बहनों का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने इतने बड़े आयोजन के लिए डॉ. सुहानी डोडा को बधाई भी दी।







