ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज :
अमृतसर शहर के जुझार सिंह एवेन्यू में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक 50 वर्षीय व्यक्ति, हरप्रीत सिंह, ने कथित तौर पर पहले अपने दो कुत्तों को गोली मारी, फिर अपनी मां की हत्या कर दी और अंत में खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना में कुल दो लोगों और दो कुत्तों की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, हरप्रीत सिंह करीब सात साल पहले इंग्लैंड से भारत लौटा था। मंगलवार दोपहर हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी सकते में आ गए।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हरप्रीत सिंह नशे का आदी था। उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर जा चुकी थी। परिजनों के अनुसार, वह अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट करता था। पारिवारिक परिस्थितियों और उसकी आदतों के कारण घर में तनाव का माहौल रहने की बात भी सामने आई है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हरप्रीत सिंह ने वारदात को अंजाम देने के लिए जिस हथियार का इस्तेमाल किया, वह उसके पास कहां से आया।









