तरनतारन जिले के कस्बा पट्टी के वॉर्ड नंबर 13 के रहने वाले 24 वर्षीय युवक अजेपाल सिंह ने कथित तौर पर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने उसके पूर्व मालिकों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और झूठे चोरी के आरोप लगाकर परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक के भाई संदीप सिंह ने बताया कि अजेपाल सिंह पिछले करीब 12 वर्षों से सतनाम ज्वेलर्स एंड संस, पट्टी में काम करता था। करीब दो माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। संदीप सिंह के अनुसार अजेपाल अब अपना खुद का कारोबार शुरू करना चाहता था और नौकरी छोड़ना चाहता था, लेकिन दुकान के मालिक उसे नौकरी छोड़ने नहीं दे रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब अजेपाल ने वहां से अलग होने की बात कही तो उस पर चोरी के आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने, परिजनों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार दुकान मालिकों से बातचीत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर अजेपाल सिंह ने यह कदम उठाया। परिवार के अनुसार, अजेपाल सिंह ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने कथित रूप से अपने मालिकों से परेशान होकर यह कदम उठाने की बात कही। सल्फास खाने के बाद युवक को संधू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। देर रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गई। संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना पुलिस को तुरंत दे दी गई थी, लेकिन सुबह करीब 10 बजे तक कई बार फोन करने के बावजूद पुलिस अस्पताल नहीं पहुंची। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है। इस संबंध में डीएसपी सब डिवीजन पट्टी रविसेर सिंह का भी बयान सामने आया है।









