ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज :
कपूरथला
पंजाब सरकार के निर्देशानुसार जिला ट्रेडर्स आयोग, कपूरथला की एक आपात बैठक उपायुक्त डी.सी. कपूरथला श्री आकाश बांसल की अध्यक्षता में उनके कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस.एस.पी.श्री गौरव तूरा, जिला ट्रेडर्स आयोग (आबकारी एवं कराधान विभाग, कपूरथला) के जिला चेयरमैन कंवर इकबाल सिंह, सहायक आयुक्त श्री रविंदर सिंह अरोड़ा, ए डी सी (जनरल), ए डी सी (विकास) श्री वरिंदर पाल सिंह बाजवा, नगर निगम कपूरथला की आयुक्त श्रीमती अनुपम कलेर, एस.डी.एम. सुश्री इरविन कौर सहित हलका ट्रेडर्स आयोग भुलत्थ के चेयरमैन लक्ष्य चौधरी, हलका ट्रेडर्स आयोग सुल्तानपुर लोधी के चेयरमैन जरनैल सिंह मरवाहा, हलका ट्रेडर्स आयोग फगवाड़ा के चेयरमैन सुशील कुमार बॉबी चम तथा हलका ट्रेडर्स आयोग कपूरथला के चेयरमैन रमन मल्होत्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।चंडीगढ़ से आए राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी श्री आशुतोष दत्त ने भी इस बैठक में विशेष रूप से भाग लिया।वित्त मंत्री पंजाब एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा, जो पंजाब ट्रेडर्स आयोग के चेयरमैन भी हैं, तथा पंजाब ट्रेडर्स आयोग के वाइस चेयरमैन श्री अनिल ठाकुर के निर्देशानुसार पूरे पंजाब में प्रत्येक सप्ताह प्रशासनिक अधिकारियों और व्यापारियों के बीच बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में व्यापारियों द्वारा लिखित रूप में दी गई शिकायतों, जो पंजाब सरकार के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज हैं, के समाधान की समीक्षा की जा रही है।इसी क्रम में नगर निगम कपूरथला, जिला विकास एवं पंचायत विभाग, सहायक आयुक्त राज्य कर, सहायक आयुक्त आबकारी, पी.एस.पी.सी.एल., जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, जिला उद्योग केंद्र, सहायक श्रम आयुक्त, वन विभाग, नगर परिषद सुल्तानपुर लोधी, भुलत्थ, नडाला, ढिलवां एवं बेगोवाल, मार्कफेड, लोक निर्माण विभाग (डिवीजन-1 एवं 2), जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग, ड्रेनेज विभाग, जलापूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड तथा पी.आर.टी.सी. सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई। सभी विभागीय अधिकारियों ने अपना पक्ष रखते हुए लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की।पंजाब सरकार के पोर्टल पर लंबित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), बिजली बोर्ड, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए उपायुक्त श्री आकाश बांसल ने सभी विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए।उपायुक्त तथा एस.एस.पी. ने संयुक्त रूप से कहा कि यदि किसी व्यापारी के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, किसी प्रकार की धमकी, धमकी भरा पत्र, फोन कॉल अथवा लूटपाट जैसी घटना होती है, तो उसकी तत्काल संबंधित विभाग या निकटतम पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाए, ताकि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जा सके।नगर निगम आयुक्त श्रीमती अनुपम कलेर तथा एस.एस.पी. ने विशेष रूप से कहा कि जिले के सभी व्यस्त बाजारों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने दुकानदारों को भी चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार अपनी दुकान के बाहर अवैध रेहड़ियों या फड़ लगाने वालों से धन लेकर उन्हें जगह उपलब्ध कराता पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।नगर निगम आयुक्त श्रीमती अनुपम कलेर ने बताया कि बाजारों में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा अवैध अतिक्रमण रोकने के लिए विभिन्न बाजारों में पीली (येलो) लाइनें चिन्हित कर दी गई हैं। येलो लाइन से बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों को पहले ही मुनादी के माध्यम से चेतावनी दी जा चुकी है। पहली बार उल्लंघन करने पर 3,000 रुपये, दूसरी बार 5,000 रुपये तथा तीसरी बार 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिला ट्रेडर्स आयोग के चेयरमैन कंवर इकबाल सिंह के नेतृत्व में शीघ्र ही जिले के प्रमुख बाजारों में सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। बैठक के अंत में राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी श्री आशुतोष दत्त ने जानकारी दी कि बहुत जल्द पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान तथा श्री अरविंद केजरीवाल की टीम कपूरथला जिले के समस्त व्यापारियों के साथ स्थानीय किसी पैलेस में एक विशाल बैठक आयोजित करेगी।









