नई दिल्ली 7 अगस्त, 2026
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने आज एक संदेश जारी करते हुए विश्वभर की समस्त संगत को आठवें गुरु, श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के पावन प्रकाश पर्व की हार्दिक एवं अनंत शुभकामनाएँ दीं।
सरदार कालका ने कहा कि श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी ने अल्पायु में ही निःस्वार्थ सेवा, दया, करुणा, विनम्रता और परोपकार का अद्वितीय संदेश देकर सिख इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में महामारी के दौरान रोगियों की निःस्वार्थ सेवा कर गुरु साहिब ने मानवता के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया, जो आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने संगत से अपील की कि श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाते हुए सेवा, सिमरन, परोपकार तथा ‘सरबत दा भला’ के मार्ग पर चलने का संकल्प लें। उन्होंने अरदास की कि श्री गुरु हरिकृष्ण साहिब जी की असीम कृपा समस्त संसार पर बनी रहे तथा प्रत्येक घर में सुख, शांति, चढ़दी कला और समृद्धि का वास हो।








