जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स में जिला ट्रेडर्स कमीशन की मीटिंग; ट्रैफिक समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन ने दिया भरोसा
ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज :
कपूरथला, 21 अप्रैल:
डिप्टी कमिश्नर श्री आकाश बंसल ने आज जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स के मीटिंग हॉल में जिला ट्रेडर्स कमीशन की मीटिंग की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों को पेश आ रही मुश्किलों पर समूह विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए कि पंजाब सरकार के पोर्टल पर दर्ज व्यापारियों की शिकायतों का एक निश्चित समय के भीतर समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार व्यापारियों को कारोबार के लिए अनुकूल माहौल प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और काम में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने एस.डी.एम. और ट्रेडर्स कमीशन के पदाधिकारियों के बीच आपसी तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया ताकि जमीनी स्तर पर समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा सके।मीटिंग के दौरान एस.पी. हेडक्वार्टर गुरप्रीत सिंह गिल ने व्यापारियों को विश्वास दिलाया कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा और सहयोग के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले बाजारों में ट्रैफिक की समस्या को हल करने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी, जिससे आम जनता और दुकानदारों को बड़ी राहत मिलेगी।इस अवसर पर दोआबा जोन के प्रभारी हरिंदर सिंह मनोचा और जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन कंवर इकबाल सिंह ने व्यापारियों की कुछ महत्वपूर्ण मांगों, जैसे बिजली, स्ट्रीट लाइट और पोर्टल पर आ रही तकनीकी दिक्कतों से अवगत कराया।इस अवसर पर सभी एस.डी.एम. और सहायक कमिश्नर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
कैप्शन:जिला ट्रेडर्स कमीशन की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर आकाश बंसल।











