होर्मुज स्ट्रेट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। खाड़ी में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने एक टैंकर पर गोलियां चलाईं। इस घटना के बाद दो भारतीय जहाजों को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। इनमें से एक भारतीय झंडे वाला टैंकर है जिसमें 20 लाख बैरल इराकी तेल भरा हुआ है। बता दें कि शनिवार को ईरान ने ऐलान किया कि वो खाड़ी पर फिर से सख्त पाबंदियां लगा रहा है।
ईराना का कहना है कि अमरीका ने उनके बंदरगाहों और जहाजों पर नाकेबंदी कर रखी है, इसलिए यह कदम उठाया जा रहा है। वहीं, इस घटना के बाद अमरीका की ओर से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें कि 22 अप्रैल को युद्धविराम की समयसीमा खत्म होने वाली है। इस दौरान यदि दोनों देशों के बीच कोई समझौता नहीं हुआ तो एक बार फिर से युद्ध शुरू हो सकता है। अगर युद्ध शुरू हुआ तो दुनिया के तेल बाजार पर एक बार फिर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।











