मोगा पुलिस के सीआईए स्टाफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 800 किलो चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों गुरबचन सिंह और सरबजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी–डी जतिंदर सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ की गश्त के दौरान मोगा–लुधियाना रोड पर गांव मेहिना स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खड़े कैंटर नंबर PB19 M 8877 पर शक होने के आधार पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कैंटर से 800 किलो चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कैंटर में ग्लूकोज के डिब्बे लोड कर रखे थे और उनके पीछे बोरियों में चूरा पोस्त छिपाया हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर कैंटर और बरामद चूरा पोस्त को अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में थाना मेहिना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि पूछताछ के दौरान नशे की इस खेप से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।






