कपूरथला, 25 सितंबर 2026: रेल डिब्बा कारखाना , कपूरथला में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा स्वस्थ कार्य-जीवन संतुलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “Managing Stress & Ego – The Key to Happiness” विषय पर एक विशेष सेमिनार एवं वार्ता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता राजयोगिनी उषा दीदी वरिष्ठ राजयोग टीचर,ब्रह्म कुमारी, माउंट अबू , महाप्रबंधक आर सी एफ श्री अजय नंदन, श्रीमती नविता नंदन अध्यक्ष महिला कल्याण संगठन द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर आर सी एफ के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिवारों सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य तनाव प्रबंधन, आंतरिक शांति, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ कार्य-जीवन संतुलन के माध्यम से बेहतर एवं खुशहाल जीवन की दिशा में प्रेरित करना था।
मुख्य वक्ता राजयोगिनी उषा दीदी ने अपने व्यापक एवं प्रेरणादायक संबोधन में तनाव के कारणों तथा उसके प्रभावों पर चर्चा करते हुए तनाव प्रबंधन, आंतरिक शांति, सकारात्मक सोच, अहंकार पर नियंत्रण तथा स्वस्थ कार्य-जीवन संतुलन के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण, आत्म-जागरूकता और संतुलित सोच अपनाकर तनाव को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
महाप्रबंधक श्री अजय नंदन ने इस विशेष वार्ता की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यक्रम में दिए गए संदेश एवं सुझावों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन न केवल व्यक्तिगत खुशहाली के लिए, बल्कि कार्यस्थल पर बेहतर वातावरण एवं कार्यक्षमता के लिए भी महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों ने राजयोगिनी उषा दीदी की प्रेरणादायक एवं उपयोगी वार्ता को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक सोच, आत्मिक शांति और तनावमुक्त जीवन के संदेश के साथ हुआ।








