पंजाब पुलिस की वर्दी एक बार फिर दागदार हुई है। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते लुधियाना में घूसखोर अस्सिटेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) को गिरफ्तार किया है। थाना डिवीजन नंबर 8 के अधीन कैलाश पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई जनकराज को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी एएसआई एक धोखाधड़ी मामले में नामजद व्यक्ति को पुलिस रिमांड पर न लेने और रियायत बरतने के एवज में रकम मांग रहा था। मामले के अनुसार न्यू कुंदनपुरी निवासी अमित कुमार पब्बी के खिलाफ 5 जनवरी को धारा 420 के तहत 4.57 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता गौरव कुमार ने विजिलेंस को बताया कि एएसआई जनकराज उसके भाई को रिमांड पर न लेने का भरोसा देकर रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलते ही टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही 15 हजार रुपये दिए गए, आरोपी को मौके पर दबोच लिया गया। एसएसपी विजिलेंस वरिंदर बराड़ ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश किया जाएगा, मामले की गहन जांच जारी है। गौरतलब है कि कैलाश पुलिस चौकी पहले भी विवादों में रह चुकी है।










