Tribune Times

Tribune Times

डीएसजीएमसी ने आधी सदी से गुरबाणी कीर्तन सेवा निभा रहे कीर्तनी जत्थे को किया सम्मानित

SHARE:

 

नई दिल्ली 12 जुलाई, 2026

 

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा 23वें राग दरबार के पावन अवसर पर सिख पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनी भाई हरजीत सिंह, भाई गुरदीप सिंह तथा भाई गुरमीत सिंह (भाई संता सिंह संगीत घराने से संबंधित) के जत्थे को गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब जी में विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने कहा कि भाई हरजीत सिंह, भाई गुरदीप सिंह और भाई गुरमीत सिंह ने लगभग पाँच दशकों से निरंतर गुरबाणी कीर्तन सेवा निभाते हुए संगत को गुरबाणी से जोड़ने तथा गुरु साहिब की दिव्य वाणी का संदेश घर-घर तक पहुँचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अमूल्य योगदान दिया है। उनकी यह समर्पित सेवा सिख पंथ के लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत है।

 

उन्होंने कहा कि ऐसी महान विभूतियों का सम्मान करना केवल व्यक्तियों का सम्मान नहीं है, बल्कि गुरबाणी कीर्तन की उस महान परंपरा को नमन करना है जिसने सदियों से सिख कौम की आध्यात्मिक विरासत को जीवंत बनाए रखा है।

 

इस अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने कहा कि भाई साहिबान ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में भी पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सेवा-भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। गुरु घर के प्रति उनका अटूट प्रेम, गहरी श्रद्धा और निष्कलंक व्यक्तित्व प्रत्येक सिख के लिए प्रेरणादायक है।

 

इस अवसर पर भाई हरजीत सिंह, भाई गुरदीप सिंह, भाई गुरमीत सिंह तथा समूचे जत्थे की चढ़दी कला की अरदास करते हुए कामना की गई कि गुरु साहिब उन्हें गुरबाणी कीर्तन की यह अमूल्य सेवा इसी प्रकार निरंतर जारी रखने की शक्ति प्रदान करें।

 

फोटो कैप्शन:

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका, महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों तथा धर्म प्रचार समिति के अध्यक्ष जसप्रीत सिंह करमसर आधी सदी से गुरबाणी कीर्तन सेवा निभा रहे कीर्तनी जत्थे को सम्मानित करते हुए।

 

 

 

 

trfgcvkj.blkjhgfd
0
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें