धर्मकोट क्षेत्र में गांव बाजेके स्थित एक निजी नशा छुड़ाओ केंद्र से रविवार सुबह पांच युवक फिल्मी अंदाज में फरार हो गए। भागने के बाद आरोपियों ने मोगा-धर्मकोट मुख्य मार्ग पर उत्पात मचाया और एक राहगीर से इनोवा कार छीनकर फरार हो गए। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है।जानकारी के मुताबिक केंद्र में उपचाराधीन युवकों ने पहले से योजना बनाकर स्टाफ को चकमा दिया और सुरक्षा घेरा तोड़कर दीवार फांदकर बाहर निकल गए। बाहर आते ही उन्होंने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान गुजर रही सफेद इनोवा कार (पीबी-03-बीबी-6456) को जबरन रुकवाया। कार चला रहे गुलशन कुमार निवासी गांव चंद पुराना को धमकाकर बाहर खींच लिया और कुछ दूरी पर धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपी गाड़ी लेकर फरार हो गए।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। केंद्र के स्टाफ से भी पूछताछ की गई। पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी है और टोल प्लाजा व मुख्य चौराहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फरार युवकों की पहचान, आपराधिक रिकॉर्ड और उनके संपर्कों की जांच की जा रही है।












