संयुक्त राष्ट्र। यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस माली में घटी हिंसक वारदातों से बहुत चिंतित हैं, और उन्होंने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की। गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने एक बयान में कहा कि यूएन चीफ ने मालीवासियों के साथ एकजुटता दिखाई, और आम जनता के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा की जरूरत पर जोर दिया है। बयान में कहा गया, “महासचिव ने साहेल में हिंसक कट्टरपंथ और आतंकवाद के बढ़ते खतरे से निपटने और तुरंत मानवीय जरूरतों को पूरा करने के लिए मिलकर अंतरराष्ट्रीय सहयोग की अपील की है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को पूर्ण सहयोग और आपसी तालमेल से चुस्त दुरुस्त बनाने का आग्रह किया।”
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, माली की ट्रांजिशनल सरकार ने शनिवार शाम को कहा कि हथियारबंद आतंकवादी गुट ने दिन में देश के कई शहरों पर मिलकर हमले किए, जिसमें 16 लोग घायल हो गए।
इसमें आगे कहा गया कि माली के रक्षा और सुरक्षा बलों ने हमलों पर काबू पा लिया, जिसमें कई आतंकवादी मारे गए और हमलावरों की योजना को नाकाम कर दिया गया।
सरकार ने एक बयान में कहा कि हमलों में कई जगहों को निशाना बनाया गया, जिनमें काटी, सेवरे, गाओ और किडाल के गैरीसन शहर और राजधानी बमाको शामिल हैं। इसमें कहा गया है कि घायलों को मेडिकल केंद्र ले जाया गया, जिनमें कई आम लोग और कुछ सैन्यकर्मी शामिल हैं, वहीं सामान का नुकसान कम हुआ है।
इसने लोगों से सतर्क और शांत रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट करने और जानकारी के लिए सिर्फ सरकारी चैनलों पर भरोसा करने की भी अपील की है।
इसके अलावा, बमाको डिस्ट्रिक्ट गवर्नरेट ने राजधानी में 72 घंटे का कर्फ्यू लगा दिया है, जो स्थानीय समयानुसार रात 9 बजे (2100 जीएमटी) से सुबह 6 बजे (0600 जीएमटी) तक लागू रहेगा। इसे जरूरत पड़ने पर बढ़ाया जा सकता है।
इससे पहले दिन में, माली आर्म्ड फोर्सेज के जनरल स्टाफ ने कहा कि बमाको, काटी और दूसरे प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर स्वीप ऑपरेशन चल रहा है, और कहा कि सैकड़ों की तादाद में आतंकवादी मारे गए हैं।













