रेत-बजरी और सीमेंट कारोबारी ने की आत्महत्या

 

 

बठिंडा के एक रेतबजरी और सीमेंट कारोबारी ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज महिला रीडर और उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान नई बस्ती निवासी 33 वर्षीय संदीप कुमार उर्फ सोनू बंसल के रूप में हुई है। उसने जहरीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली है। आत्महत्या से पहले उसने करीब 10 मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर सांझा किया और एक सुसाइड नोट भी लिखा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोनू बंसल ने निर्माणाधीन मकान के लिए आरोपी दंपती को सीमेंट और बजरी सप्लाई की थी। सोनू के परिजनों के अनुसार सोनू ने पूरा माल सप्लाई कर दिया था, इसके बावजूद उससे पैसे वापस करने का दबाव बनाया जा रहा था। वीडियो में सोनू ने बताया कि उसने बिना पक्की रसीद से सामान दिया था, जो उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई। सोनू बंसल ने आरोप लगाया कि कोर्ट परिसर से जुड़े कर्मचारी, उनकी पत्नी और एक वकील ने उससे सीमेंट और बजरी ली, लेकिन बाद में उसे ही पैसे लौटाने के लिए धमकाया जाने लगा। संबंधित डीएसपी और पुलिस कर्मचारी भी उसे लगातार दबाव में रख रहे थे। उसे केस में फंसाने और यहां तक कि शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी जा रही थीं।वीडियो में सोनू भावुक होते हुए कहता है कि उसे इस कदर परेशान किया गया कि अब उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा। उसने कहा कि मुझे सांस लेने तक की मोहलत नहीं दी जा रही, मुझे मरने पर मजबूर कर दिया गया है।
बता दें कि घटना के बाद सोनू के परिजनों, रिश्तेदारों और व्यापारियों में भारी रोष फैल गया था। देर रात बड़ी संख्या में लोग सिविल अस्पताल के बाहर इकट्ठा हो गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। लंबी बातचीत और आश्वासन के बाद ही धरना समाप्त हुआ। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने महिला रीडर रेनू बाला, उसके पति रमन जैन को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि तीसरे आरोपी वकील की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम उसके ठिकानों पर छापामरी कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें