आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के भाजपा में जाने के बाद पंजाब में आप कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जालंधर में कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के प्रति अपना रोष व्यक्त करते हुए उनके आवास की दीवारों पर गद्दार लिख दिया। वहीं लुधियाना में आम आदमी को छोड़कर भाजपा में गए सांसद राजेंद्र गुप्ता के ऑफिस की दीवार पर पंजाब के गद्दार लिखा गया। हाल ही में भाजपा ज्वाइन करने वाले आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक व नेता प्रतिपक्ष रहे एडवोकेट एचएस फुलका ने कहा कि जिस तरह से केजरीवाल और भगवंत मान ने पंजाब को बर्बाद कर दिया है, उसे देखते हुए AAP में पंजाब की फिक्र करने वालों को उनके खिलाफ खड़े होकर बगावत करनी चाहिए। उन्होंने कहा राघव चड्ढा और अन्य सांसदों ने जिस हिम्मत के साथ अपनी आवाज़ उठाई है मैं उसकी तारीफ़ करता हूं।वहीं, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में विलय को ‘निंदनीय‘ करार दिया है। शनिवार को सुनाम दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए अरोड़ा ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस तरह के झटकों से घबराने वाली नहीं है, बल्कि हर बार ऐसी चुनौतियों से और मजबूत होकर उभरी है। सांसदों के पाला बदलने पर हैरानी जताते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि राजनीति में सब्र और अपने स्टैंड पर कायम रहना बेहद जरूरी है। यह समझ से परे है कि संदीप पाठक और राघव चड्ढा जैसे नेता किस दबाव में आकर पार्टी छोड़ गए। यह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी खिलाफ है। अरोड़ा ने कहा कि इस प्रकरण की जानकारी शायद राष्ट्रीय नेतृत्व या मुख्यमंत्री भगवंत मान को हो, लेकिन उनके संज्ञान में यह मामला नहीं था । उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी इन सांसदों के निलंबन और सदस्यता रद्द करवाने के लिए उचित कानूनी कदम उठाएगी।विधायकों के टूटने के दावे पर तंज कसते हुए अरोड़ा ने कहा कि ऐसा लगता है कि राजा वडिंग ने राजनीति छोड़कर ज्योतिष का काम शुरू कर दिया है। वडिंग को दूसरों के घरों में झांकने के बजाय अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। उन्हें यह भी पता नहीं चलता कि कब उनके अपने लोग साथ छोड़ जाते हैं। अमन अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि आम आदमी पार्टी एक विचारधारा की लड़ाई है और कुछ चेहरों के जाने से संगठन की मजबूती पर कोई आंच नहीं आएगी। उन्होंने साफ किया कि पंजाब की जनता और पार्टी के विधायक एकजुट हैं और विकास कार्यों में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। लवली यूनिवर्सिटी के बाहर धरना प्रदर्शन, राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल का पुतला फूंका
आप पार्टी के नेता व कार्यकर्ता डॉ. अशोक कुमार मित्तल के भाजपा में शामिल होने से उनकी लवली यूनिवर्सिटी के बाहर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।












