देश विरोधी सोच की नीति बन गई है राहुल गांधी की आदत-उमेश शारदा
SHARE:
राहुल गांधी के गैर-लोकतांत्रिक वाले बयान पर भड़के भाजपा के उमेश शारदा,बोले-दूसरे देश हमारी लोकतंत्र प्रणाली सीखना चाहते हैं
ट्रिब्यूनटाइम्सन्यूज
कपूरथला
वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व प्रदेश सचिव उमेश शारदा ने शुक्रवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर विदेशी धरती पर भारत का अपमान करने का आरोप लगाते हुए अमेरिका दौरे पर राहुल गांधी द्वारा भारतीय लोकतंत्र पर की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है।शारदा ने कहा कि जहां दुनिया के अन्य देश भारत के लोकतांत्रिक ढांचे और चुनाव प्रक्रिया को जानने के लिए उत्सुक हैं,वहीं गांधी विदेशों में देश का अपमान करना पसंद करते हैं।उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणियों पर सवाल उठाते हुए इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान आपातकाल की अवधि का हवाला दिया।उन्होंने बताया कि कैसे उस समय कांग्रेस सरकार ने मौलिक अधिकारों का दमन किया और राजनीतिक नेताओं को जेल में डाल दिया था,फिर भी राहुल गांधी अब भारत में लोकतंत्र की स्थिति के बारे में बात कर रहे हैं।शारदा ने गांधी के बयानों को अत्यंत आपत्तिजनक करार दिया और भारत को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में रेखांकित किया, जिसका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सम्मान है।उन्होंने केंद्र सरकार का बचाव करते हुए लोकतंत्र पर हमले के राहुल गांधी के आरोप का जवाब दिया और कहा कि वह सत्ता पाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं।शारदा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि ख़राब करते हैं।शारदा ने कहा कि राहुल गांधी की सोच पूरी तरह देश के खिलाफ है।वे देश विरोधी मानसिकता रखते हैं और विदेश जाकर भी भारत के खिलाफ ही बोलते हैं।शारदा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले भी यह स्वीकार कर चुके हैं कि वे देश के खिलाफ बयान देते हैं।अब यह उनकी नीति, इरादा और आदत बन चुकी है।कांग्रेस और राहुल गांधी को यह एहसास हो गया है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से जनता का समर्थन हासिल नहीं कर सकते,इसलिए अब वे लोकतंत्र से ही नफरत करने लगे हैं।शारदा ने आगे कहा कि आज विपक्ष के कई नेता यह समझ चुके हैं कि उन्हें राहुल गांधी से दूरी बनानी चाहिए।राहुल गांधी की छवि देश में एक देश विरोधी नेता की बन चुकी है और उनका उद्देश्य भारत के भीतर अराजकता फैलाना है।इसी वजह से जनता बार-बार कांग्रेस को सत्ता से दूर रखती है और विपक्ष में बैठाती है।शारदा ने दावा किया कि आने वाले समय में भी जनता कांग्रेस को सत्ता में नहीं आने देगी,क्योंकि देश की जनता कभी भी देश विरोधियों को शासन की जिम्मेदारी नहीं सौंपती।यही कारण है कि कांग्रेस आज सत्ता से बाहर है।राहुल गांधी द्वारा भारत की चुनावी प्रणाली पर उठाए गए सवालों पर भी शारदा ने तंज कसा।उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि राहुल गांधी की याददाश्त कमजोर हो गई है।उन्होंने सुझाव दिया कि राहुल गांधी को उमर अब्दुल्ला से सीख लेनी चाहिए,जिन्होंने राहुल गांधी द्वारा लगाए गए वोट चोरी और धोखाधड़ी के आरोपों की सच्चाई सामने रखी थी।शारदा ने राहुल गांधी की तुलना एक ऐसे बच्चे से की जो परीक्षा में फेल होने के बाद बार-बार रोता है और एग्जामिनर तथा शिक्षक को दोष देता रहता है।राहुल गांधी भी हार के बाद चुनाव आयोग और पूरी व्यवस्था पर आरोप लगाते रहते हैं।उन्होंने तंज कसते हुए यह भी कहा कि राहुल गांधी पर तो उनके जीजा रॉबर्ट वाड्रा तक भरोसा नहीं करते।उन्होंने के अनुसार रॉबर्ट वाड्रा खुद कह चुके हैं कि कांग्रेस के कार्यकर्ता राहुल गांधी पर नहीं,बल्कि प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा पर ज्यादा विश्वास करते हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि देश की जनता कांग्रेस को एक देश विरोधी पार्टी के रूप में देखती है।देश की सुरक्षा और रक्षा से जुड़े काम अगर कोई करता है,तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करते हैं।