Tribune Times

Tribune Times

गुरुद्वारा बंगला साहिब में सिख साहित्य एवं ऐतिहासिक चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

SHARE:

 

डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है सिख इतिहास: कालका एवं काहलों

 

नई दिल्ली 14 नवंबर, 2026

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित गुरुद्वारा बंगला साहिब में सिख साहित्य एवं ऐतिहासिक चित्र प्रदर्शनी लगाई गई है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार हरदीप सिंह काहलों ने बताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से संगत को सिख इतिहास, गुरु साहिबान के जीवन और सिख विरासत से जुड़ने का विशेष अवसर मिल रहा है।

 

उन्होंने बताया कि भाई वीर सिंह सदन द्वारा लगाई गई इस चित्र प्रदर्शनी में श्री गुरु नानक देव जी के जीवन से जुड़े विभिन्न ऐतिहासिक पड़ावों को डिजिटल माध्यम से अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसमें गुरु साहिब के प्रकाश से लेकर उनके गृहस्थ जीवन, चार उदासियों और जीवन के अंतिम समय में करतारपुर साहिब में बिताए गए समय तक के इतिहास को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया गया है।

 

उन्होंने कहा कि इस वर्ष श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस से संबंधित आयोजनों के समापन को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनी में नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के जीवन, उनकी महान कुर्बानियों और शहादत के इतिहास को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है।

 

सरदार कालका और सरदार काहलों ने कहा कि चित्रों एवं दृश्य माध्यमों के जरिए इतिहास को समझने का प्रभाव अत्यंत गहरा होता है। इससे बच्चों और युवाओं को सिख इतिहास से जोड़ने में विशेष सहायता मिलती है। इसी उद्देश्य से यह प्रदर्शनी लगभग 15 दिनों तक संगत के दर्शनार्थ खुली रहेगी, जहां बड़ी संख्या में संगत के साथ-साथ बच्चे और युवा भी पहुंचकर ऐतिहासिक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

 

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के साथ-साथ गुरुद्वारा बंगला साहिब के सरोवर के आसपास सिख साहित्य, धार्मिक प्रतीकों, सिख विरासत और पंजाबी संस्कृति से संबंधित वस्तुओं के विशेष स्टॉल भी लगाए गए हैं। इन स्टॉलों का उद्देश्य संगत को सिख विरासत से जुड़ी वस्तुएं और साहित्य एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें ये चीजें प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता न पड़े।

 

उन्होंने संगत से अपील की कि वे अपने परिवारों और बच्चों सहित इस प्रदर्शनी में पहुंचें तथा सिख इतिहास, साहित्य एवं विरासत से संबंधित वस्तुओं को अपने घरों का हिस्सा बनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा किए जा रहे इस प्रयास को हर वर्ष की तरह इस बार भी संगत का भरपूर समर्थन एवं उत्साहजनक प्रतिसाद मिलेगा।

 

 

 

 

 

 

 

trfgcvkj.blkjhgfd
1
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें