कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए दिल्ली कमेटी प्रतिबद्ध, वेतन, भत्तों और पीएफ का नियमित रूप से किया जा रहा है भुगतान: कालका, काहलों
नई दिल्ली, 11 नवंबर: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका और महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों ने आज एक संयुक्त बयान जारी करते हुए सरदार परमजीत सिंह सरना द्वारा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कर्मचारियों द्वारा बाजुओं पर काली पट्टियां बांधकर किए गए प्रदर्शन के संबंध में जारी वीडियो पर हैरानी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि परमजीत सिंह सरना को दूसरों को नसीहत देने से पहले अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान हुई घटनाओं को भी याद करना चाहिए।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के दोनों नेताओं ने कहा कि परमजीत सिंह सरना द्वारा कर्मचारियों के बाजुओं पर काली पट्टियां बांधकर काम करने की घटना को जिस तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है, वह बेहद हैरान करने वाला है। कालका और काहलों ने आरोप लगाया कि परमजीत सिंह सरना अपने घर और अपने नजदीकी लोगों के माध्यम से कुछ कर्मचारियों को बार-बार बुलाकर उन्हें मौजूदा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधकों के खिलाफ उकसाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि कमेटी के भीतर अनावश्यक तनाव और अस्थिरता पैदा की जा सके।
सरदार कालका और सरदार काहलों ने परमजीत सिंह सरना को उनके अध्यक्षीय कार्यकाल की याद दिलाते हुए कहा कि यदि वह ऐतिहासिक घटनाओं की बात करते हैं तो उन्हें वे दिन भी याद करने चाहिए, जब उनकी अध्यक्षता के दौरान दिल्ली कमेटी के समूचे स्टाफ ने बेहद अपमानजनक और असाधारण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय कर्मचारी केवल कछहरा पहनकर, गातरे सजाकर और दस्तारें बांधकर उनके घरों के बाहर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हुए थे। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं का उल्लेख करने से पहले सरना को अपने कार्यकाल के तथ्यों पर भी गौर करना चाहिए।
कालका और काहलों ने कहा कि उन्हें दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कर्मचारियों पर हमेशा गर्व रहा है, जिन्होंने दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी की बेहतरी और इसके प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ सहयोग दिया है। दोनों नेताओं ने कहा कि मौजूदा प्रबंधन ने भी कर्मचारियों के मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा को हमेशा प्राथमिकता दी है।
सरना द्वारा कर्मचारियों की मांगों को लेकर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कमेटी की ओर से कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और अन्य वित्तीय अधिकारों का नियमित रूप से भुगतान किया जा रहा है। इस महीने भी कर्मचारियों के प्रोविडेंट फंड (पीएफ) में करोड़ों रुपये जमा करवाए गए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब कर्मचारियों के वित्तीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, तो फिर उन्हें गुमराह करके संस्था के भीतर अशांति पैदा करने का क्या उद्देश्य है?
सरदार कालका और काहलों ने कहा कि सरना को कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति चिंता जताने से पहले अपने 12 वर्षों के कार्यकाल का भी आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी में तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाया गया और कर्मचारियों की भावनाओं एवं अधिकारों को वह सम्मान नहीं मिला, जिसकी उन्हें अपेक्षा थी। इसके विपरीत मौजूदा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रबंधकों ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और उनकी जायज मांगों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ गिने-चुने लोगों द्वारा बार-बार कर्मचारियों को एकत्रित करके प्रशासनिक माहौल खराब करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन ऐसी कोशिशों से न तो कमेटी का कामकाज प्रभावित होगा और न ही संगत का मौजूदा प्रबंधन के प्रति विश्वास डगमगाएगा।
सरना पर राजनीतिक दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कालका ने कहा कि जो लोग कई वर्षों तक बादल परिवार के विरुद्ध बयानबाजी करते रहे, आज वही उस परिवार के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे बदलते राजनीतिक रुख के मद्देनजर संगत उन पर विश्वास कैसे करे?
उन्होंने कहा कि दिल्ली के सिख समुदाय में आपसी सद्भावना और सिख संस्थाओं की मजबूती बेहद जरूरी है। सिख संस्थाओं को आपसी टकराव और निजी राजनीतिक हितों की भेंट चढ़ाने के बजाय गुरु साहिबान की शिक्षाओं के अनुरूप सेवा, सिमरन और संगत के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।







