परिवार सोता रहा, चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल—मोबाइल, नकदी और कीमती सामान चोरी
सीसीटीवी में कैद हुई चोर की हरकत, स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण चेहरा साफ नहीं आया
कपूरथला के मोहल्ला जट्टपुरा नई आबादी में बीती रात चोरों द्वारा एक घर को निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है। चोर घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और परिवार के सोने का फायदा उठाते हुए घर से कीमती मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान चोरी करके फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के लोगों में भी चोरी की वारदात को लेकर चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात के समय इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
पीड़ित अवतार सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात करीब 11 बजे अपने परिवार और बच्चों के साथ घर में सो गए थे। सुबह करीब 7 बजे जब परिवार जागा और घर की जांच की गई तो उनके बेटे लखविंदर सिंह और बहू के कीमती मोबाइल फोन घर से गायब थे। इसके अलावा घर में रखे एक बैग की जांच करने पर उसमें रखी करीब 15 से 16 हजार रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान भी गायब मिला।
घर से सामान गायब मिलने के बाद परिवार को चोरी की घटना का पता चला। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना देते हुए लिखित शिकायत दी। परिवार ने अपने स्तर पर घर के नजदीक स्थित गुरुद्वारा साहिब में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति रात करीब पौने तीन बजे उनके घर की दीवार फांदकर अंदर जाता हुआ दिखाई दिया।
हालांकि, मोहल्ले में लगी स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण सीसीटीवी फुटेज में चोर का चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है। इसके चलते चोर की पहचान करने में परेशानी हो रही है। परिवार का कहना है कि यदि मोहल्ले की स्ट्रीट लाइटें ठीक हालत में होतीं तो सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध व्यक्ति की पहचान होने में पुलिस को अधिक मदद मिल सकती थी।
पीड़ित अवतार सिंह ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुआ सामान व नकदी बरामद करवाई जाए। उन्होंने कहा कि मोहल्ले में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी तुरंत ठीक करवाया जाना चाहिए।
घटना के बाद मोहल्ला निवासियों में भी डर और चिंता का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने की अपील की है। फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को शिकायत दे दी गई है और पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तथ्यों की जांच कर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।









