नई दिल्ली 27 जून, 2026
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने कहा है कि उत्तराखंड में श्री हेमकुंट साहिब की पवित्र यात्रा के दौरान बने हालातों को अत्यंत गंभीरता, संयम और सूझबूझ के साथ संभालने की आवश्यकता है, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था तथा यात्रा में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने बताया कि हाल ही में निहंग सिंहों के साथ हुई घटना तथा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के संबंध में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुका है। इसके अतिरिक्त बीती रात सीमा क्षेत्र में उत्पन्न तनाव को भी निहंग संगठनों के वरिष्ठ सिंहों और प्रशासन ने आपसी संवाद के माध्यम से सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझा लिया, जो एक सराहनीय पहल है।
सरदार कालका ने कहा कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को आश्वस्त किया है कि निहंग सिंहों के विरुद्ध दर्ज मामलों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र उचित राहत प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस द्वारा कथित रूप से किए गए दुर्व्यवहार एवं अत्याचार के संबंध में निष्पक्ष जांच की मांग पर भी उत्तराखंड सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा देश-विदेश से आने वाली संगत की अटूट श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। इसलिए सभी का यह कर्तव्य है कि यात्रा के दौरान शांति, सौहार्द और सहयोग का वातावरण बनाए रखें, ताकि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सरदार हरमीत सिंह कालका ने समस्त संगत से अपील की कि वे धैर्य और संयम बनाए रखें तथा प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करें। उन्होंने उत्तराखंड सरकार से भी आग्रह किया कि जांच प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए तथा निर्दोष युवाओं को न्याय दिलाया जाए, ताकि सिख संगत के मन में उत्पन्न चिंता का शीघ्र समाधान हो सके।









