अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों में इनके कब्जे से कुल 5.041 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया, कि इससे पहले इसी मामले में तीन नाबालिगों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30.045 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। मामले की जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके पास से 2.006 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
इससे तस्करी नेटवर्क के गहरे संबंधों का खुलासा हुआ है। श्री यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दुबई स्थित एक तस्कर के संपर्क में थे, जो सीमा पार से हेरोइन की खेपें मंगवाने और सप्लाई कराने में कथित रूप से भूमिका निभा रहा था। एक अन्य अलग अभियान में पुलिस ने एक और आरोपी के कब्जे से 3.035 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। इस कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क के संचालन और उसके अन्य संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस ने इस संबंध में थाना छेहरटा, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियां नेटवर्क के संपर्कों का पता लगाने, अन्य सहयोगियों की पहचान करने, वित्तीय लेन-देन की जांच करने तथा संभावित हवाला कनेक्शन का खुलासा करने में जुटी हुई हैं। पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे संगठित अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।









