अखिलेश पांडे बने IREF के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष

 

9 जुलाई, 2025 की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का किया समर्थन

 

ट्रिब्यून  टाइम्स  न्यूज

कपूरथला

 

 इंडियन रेलवे एम्पलाइज फेडरेशन (IREF) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक 3 जुलाई 2025 को रात 8:00 बजे गूगल मीट पर आयोजित की गई। इस बैठक में नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (NER) ज़ोन के केंद्रीय अध्यक्ष, नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे मेंस कांग्रेस के सम्मानित नेता, श्री अखिलेश पांडे को सर्वसम्मति से इंडियन रेलवे एम्पलाइज फेडरेशन का राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने इस पद पर श्री मनोज पांडे का स्थान लिया है, जो अब फेडरेशन से निष्कासित हो चुके हैं।इस बैठक में फेडरेशन ने भ्रष्टाचार और संगठन विरोधी गतिविधियों के खिलाफ एक कड़ा संदेश देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया। श्री मनोज पांडे, श्री नरसिंह कुमार, श्री राजेंद्र पाल और श्री कमल उसरी को इन गंभीर आरोपों के चलते इंडियन रेलवे एम्प्लॉइज फेडरेशन से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है।   IREF के राष्ट्रीय महासचिव, श्री सर्वजीत सिंह ने इस निर्णय पर दृढ़ता से जोर देते हुए कहा, “हमारे फेडरेशन में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के लिए कोई जगह नहीं है। IREF अपने संविधान और रेल कर्मचारियों के हितों के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रहा है और रहेगा। कर्मचारियों के साथ धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार या उनके हितों के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”संगठन सचिव, श्री जुमेरदीन ने इस कठोर निर्णय के पीछे की प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए बताया, “हम किसी भी साथी को संगठन से बाहर नहीं करना चाहते थे, लेकिन कर्मचारियों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। फेडरेशन ने जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लिया, बल्कि संविधान के अनुसार कार्यकारिणी समिति की राय ली और 31 मई 2025 को इन चारों नेताओं को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया था। उनके द्वारा नोटिस का कोई जवाब न देने और लगातार संगठन विरोधी गतिविधियां जारी रखने के बाद ही, कार्यकारिणी की बैठक में यह निष्कासन का कठोर निर्णय लेना पड़ा।”श्री सर्वजीत सिंह और श्री जुमेरदीन ने IREF की कार्यकारिणी द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लेने और संगठन की एकता बनाए रखने के लिए सभी सदस्यों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।श्री अखिलेश पांडे की नई नियुक्ति और महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णयों के साथ ही, IREF ने केंद्र सरकार की कर्मचारी विरोधी और देश विरोधी नीतियों के खिलाफ अपने संघर्ष को जारी रखने का संकल्प लिया है। फेडरेशन ने देश की सभी केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा 9 जुलाई 2025 को बुलाई गई देशव्यापी आम हड़ताल का पुरजोर समर्थन करने का ऐलान किया है। IREF ने भारतीय रेलवे के सभी ज़ोन के सदस्यों से आह्वान किया है कि वे इस विरोध प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और आम हड़ताल का समर्थन करें ताकि कर्मचारियों की एकजुटता और शक्ति का प्रदर्शन किया जा सके।इस महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक में IREF के सम्मानित अध्यक्ष श्री रवि सेन, श्री कृष्ण कुमार, मनीष हरिनंदन, नरेंद्र पाल, मृत्युंजय कुमार, संदीप तिवारी, उमेद सिंह, किसानू भट्टाचार्य, पीके महापात्रा, प्रदीप यादव, मनोज राय, सुशील कुमार, सुभाष बागची, रतन चंद, हरकेश कुमार, आलोक कुमार सहित कई अन्य महत्वपूर्ण सदस्य विशेष रूप से उपस्थित थे।

 

 

Leave a Comment