नई दिल्ली 24 अप्रैल 2026
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने जानकारी देते हुए बताया कि तीसरे पातशाह धन-धन श्री गुरु अमरदास जी के पावन प्रकाश गुरपुरब को समर्पित 20वां विशाल राग दरबार शनिवार, 25 अप्रैल 2026 को गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब, नई दिल्ली में अत्यंत श्रद्धा और भावनाओं के साथ आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह आध्यात्मिक रंगों से सराबोर महान कीर्तन समागम सुबह 6:00 बजे से रात 11:30 बजे तक लगातार जारी रहेगा, जिसके दौरान प्रसिद्ध रागी जत्थे और विद्वान कथावाचक गुरबाणी कीर्तन और गुरमत विचारों के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।
इस महान राग दरबार में भाई हरदीप सिंह फतेहगढ़ साहिब, भाई परमजीत सिंह, भाई गुरप्रीत सिंह जी जवद्दी टकसाल, सिंह साहिब ज्ञानी रणजीत सिंह जी (हेड ग्रंथी गुरुद्वारा बंगला साहिब), भाई बलदीप सिंह उस्ताद परमिंदर सिंह भमरा तथा श्री हरिमंदर साहिब के हजूरी कीर्तनिये भाई अमनदीप सिंह अपने कीर्तन जत्थों सहित उपस्थित होकर गुरबाणी कीर्तन और कथा-विचार के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।
सरदार हरमीत सिंह कालका ने समस्त संगत से अपील की कि वे इस महान आध्यात्मिक समागम में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी हाजिरी लगवाएं और गुरु महाराज की कृपा प्राप्त करें।
उन्होंने यह भी बताया कि इस विशाल राग दरबार की सफलता के लिए सरदार भूपिंदर पाल सिंह गुवाहाटी द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
सरदार कालका ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि देश-विदेश में बैठी संगत की सुविधा के लिए इस महान राग दरबार का सीधा प्रसारण दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की वेबसाइट, कमेटी के फेसबुक पेज, यूट्यूब चैनल, चढ़दी कला टाइम टीवी, जीएसपीएस लाइव कीर्तन प्रधान, बाणी डॉट नेट, अकाल सहाय गुरबाणी, केसरी कनेक्ट और अनम्यूट चैनल के माध्यम से किया जाएगा, ताकि विश्वभर की संगत इस आध्यात्मिक रस से भरपूर समागम से जुड़ सके।













