वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से भीषण धमाका, अब तक 14 लोगों की मौत, 36 गंभीर घायल

 

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट में मृतकों की संख्या बुधवार को बढ़कर 14 हो गई है, जबकि 36 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पुलिस के अनुसार, घटना में चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराए गए घायलों में से 10 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आठ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है, जिनमें अधिकांश 80 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं। घटना के बाद घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रायगढ़ के मेट्रो अस्पताल में तीन तथा अपेक्स अस्पताल में दो घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि छह गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, हादसे में घायल 36 मजदूरों में से 12 छत्तीसगढ़ के निवासी हैं जबकि शेष बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से हैं। शवों के अत्यधिक झुलस जाने के कारण मृतकों की पहचान में कठिनाई हो रही है। अब तक ठंडा राम, पप्पू कुमार और अमृत लाल पटेल (50) की पहचान हो सकी है, अन्य की पहचान जारी है। हादसे के बाद प्लांट के बाहर परिजनों ने जमकर हंगामा किया और प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे एवं कार्रवाई की मांग की। कुछ मजदूरों के अब भी लापता होने की सूचना है।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही रायपुर के डीकेएस अस्पताल को भी आकस्मिक स्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। उन्होंने सभी घायलों के निःशुल्क और समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है। वेदांता प्रबंधन ने भी मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए मुआवजा एवं एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की है, जबकि घायलों को 15-15 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए तथा घायलों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और श्रम कानूनों के तहत दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें