ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज
कपूरथला, 31 अक्टूबर 2026: रेल डिब्बा कारखाना ,कपूरथला में आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया । इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया गया।
“रन फॉर यूनिटी” को आर सी एफ के महाप्रबंधक श्री अजय नंदन ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन में आर सी एफ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल के जवानों तथा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं अखंडता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए श्री अजय नंदन ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश की रियासतों के एकीकरण और एक सशक्त एवं एकजुट भारत के निर्माण में उनके अद्वितीय योगदान, दूरदर्शिता एवं नेतृत्व को याद किया। उन्होंने सभी से सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में आपसी सम्मान और राष्ट्रीय एकजुटता के मूल्यों को बनाए रखने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में श्री अजय नंदन ने 100 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज के स्तंभ के निकट अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। इस शपथ के माध्यम से सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा को बनाए रखने को और सुदृढ़ करने का संकल्प लिया । इसके अतिरिक्त, कारखाने के विभिन्न विभागों एवं कार्यस्थलों पर भी कर्मचारियों को उनके कार्यस्थलों पर शपथ दिलाई गई, जिससे पूरे संगठन में इस आयोजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित हुई।
“रन फॉर यूनिटी” में उत्साहपूर्ण भागीदारी एवं सामूहिक शपथ ग्रहण समारोह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों के प्रति आर सी एफ कपूरथला की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित किया। यह आयोजन राष्ट्रीय एकता, विविधता में एकता तथा कर्मचारियों के बीच सामूहिक उत्तरदायित्व एवं संगठनात्मक भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में आर सी एफ के निरंतर प्रयासों का प्रतीक रहा ।







