नई दिल्ली 23 अक्टूबर,2026 दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने बताया कि पूर्ण ब्रह्मज्ञानी, गुरमत के महान प्रतीक और गुरु घर के अनन्य सेवक धन-धन बाबा बुड्ढा साहिब जी के पावन जन्म दिवस की खुशी में यहां गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब जी, ब्लॉक-1, सुभाष नगर में विशेष गुरमत समागम श्रद्धा और सम्मान के साथ आयोजित किया गया।
इस पावन अवसर पर सरदार हरमीत सिंह कालका ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यगण के साथ समागम में शिरकत करते हुए गुरु घर में नतमस्तक होने और बड़ी संख्या में पहुंची संगत के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त किया। समागम के दौरान गुरमत के प्रति श्रद्धा, गुरु साहिबान की शिक्षाओं और सिख इतिहास की महान विरासत से जुड़ने की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
सरदार कालका ने इस अवसर पर गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा साहिब जी की प्रबंधक कमेटी और समस्त संगत द्वारा दिए गए मान-सम्मान के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु घर की सेवा, गुरमत का प्रचार-प्रसार और सिख धर्म की महान परंपराओं का संरक्षण हम सभी का साझा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक समागम संगत को गुरु साहिबान की शिक्षाओं से जोड़ने और सिखी के सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।








