एलएलआर अस्पताल का निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं में सुधार के लिए दिए महत्वपूर्ण सुझाव
कपूरथला, 08 अक्टूबर 2026: महानिदेशक/रेलवे स्वास्थ्य सेवा रेलवे बोर्ड (DG/RHS) डॉ. के. कृष्ण कुमार ने आज रेल डिब्बा कारखाना, कपूरथला का दौरा किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने आर सी एफ के महाप्रबंधक श्री अजय नंदन से मुलाकात की तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
डॉ. के. कृष्ण कुमार ने आर सी एफ के लाला लाजपत राय अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया और रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया। अस्पताल निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लता रामलिंगम, डॉ. राजेश मोहन, डॉ. जयदीप टिटोरिया, डॉ. प्रमोद कुमार सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उन्होंने ऑक्सीजन गैस प्लांट, आई सी यू, पुरुष एवं महिला वार्ड, सभी कार्यालय, डायटेटिक्स विभाग, लॉन्ड्री, फिजियोथेरेपी विभाग, मैग्नेटोथेरेपी विभाग, डेंटिस्ट्री विभाग, ओ पी डी, फार्मेसी, इमरजेंसी वार्ड, लेबोरेटरी तथा एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा चिकित्सा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से बातचीत की।
डॉ. के. कृष्ण कुमार ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने के लिए महत्वपूर्ण एवं उपयोगी सुझाव दिए।
दौरे के दौरान डॉ. के. कृष्ण कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया और एल एल आर अस्पताल परिसर में पौधे लगाए। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके पश्चात डॉ. के. कृष्ण कुमार ने मान्यता प्राप्त यूनियनों एवं एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न विषयों एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने प्रतिनिधियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना तथा आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
डॉ. के. कृष्ण कुमार का यह दौरा आर सी एफ में चिकित्सा सुविधाओं के निरंतर उन्नयन, पर्यावरण संरक्षण तथा रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।





