नई दिल्ली, 24 जून 2026
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने आज गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल में आयोजित एक विशेष समारोह को संबोधित करते हुए गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों के स्पोर्ट्स चेयरमैन नियुक्त किए जाने पर सरदार शमशेर सिंह संधू को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरदार शमशेर सिंह संधू के नेतृत्व में गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों की खेल गतिविधियां नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगी और स्कूलों का नाम खेल जगत में भी पूरे देश में और अधिक रोशन होगा।
इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सदस्य सरदार तरलोचन सिंह, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों, प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी सरदार अजीत सिंह, गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूल हेमकुंट कॉलोनी के चेयरमैन सरदार गुरप्रीत सिंह जस्सा, विभिन्न संस्थाओं के प्रमुख तथा दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अपने संबोधन में सरदार कालका ने कहा कि किसी भी स्कूल की पहचान केवल उसकी शैक्षणिक उपलब्धियों से ही नहीं होती, बल्कि खेलों और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उसका प्रदर्शन भी उसके स्तर को निर्धारित करता है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों के दौरान खेलों के प्रति विद्यार्थियों की रुचि में आई कमी को दूर करने तथा खेल संरचना को मजबूत बनाने के लिए दूरदर्शी और अनुभवी नेतृत्व की आवश्यकता थी।
उन्होंने कहा कि सरदार शमशेर सिंह संधू के पास स्कूल प्रबंधन, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा विभिन्न संस्थाओं को सफलतापूर्वक संचालित करने का बहुमूल्य अनुभव है। उनकी प्रबंधन क्षमता, समर्पण और दूरदर्शी सोच गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों की खेल प्रणाली को नई दिशा प्रदान करेगी।
सरदार कालका ने विश्वास व्यक्त किया कि शमशेर सिंह संधू अपनी पूरी टीम और सहयोगियों के साथ मिलकर स्कूलों में खेलों को प्रोत्साहित करने, नई प्रतिभाओं को उभारने तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर खेल वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी खेलों के क्षेत्र में बच्चों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सरदार कालका ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा शमशेर सिंह संधू के साथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति और उनके प्रति व्यक्त किया गया स्नेह, जनता के विश्वास और सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने विशेष रूप से पूर्व राज्यसभा सदस्य सरदार तरलोचन सिंह तथा देश के प्रतिष्ठित हॉकी खिलाड़ी सरदार अजीत सिंह की उपस्थिति को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि खेल जगत में उनके अनुभव और आशीर्वाद का लाभ भी स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलेगा।
चित्र कैप्शन : दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका एवं महासचिव जगदीप सिंह काहलों, सरदार शमशेर सिंह संधू को गुरु हरिकृष्ण पब्लिक स्कूलों के स्पोर्ट्स डायरेक्टर नियुक्त किए जाने पर शुभकामनाएं देते हुए। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सदस्य सरदार तरलोचन सिंह भी उपस्थित हैं।









