Tribune Times

Tribune Times

खेत में पलटी निजी बस, दो महिलाओं समेत 3 यात्रियों की मौत, 28 अन्य घायल

SHARE:

 

 

हरियाणा के फतेहाबाद से टोहाना आ रही 52 सीटर निजी बस सोमवार सुबह अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई, जिससे दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 28 यात्री घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल टोहाना में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में सिटी थाना टोहाना में तैनात होमगार्ड बलविंदर सिंह, 16 वर्षीय छात्रा बोहती देवी और 70 वर्षीय मोनी देवी शामिल हैं। बलविंदर सिंह गांव डुल्ट के निवासी थे। उनकी करीब एक वर्ष पहले शादी हुई थी और उनकी दो माह की पुत्री है।

सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी बीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार थे। यात्रियों ने हादसे के लिए बस चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। गांव चंदड़ निवासी यात्री राममेहर ने बताया कि चालक शुरुआत से ही तेज गति से बस चला रहा था। गांव भौडी के पास कट पर तेज मोड़ लेने के दौरान बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।

हादसे के बाद चालक और परिचालक के फरार होने से ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया। ग्रामीणों ने उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर गांव भौडी के पास फतेहाबाद-टोहाना रोड जाम कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि निजी बस संचालक अक्सर विद्यार्थियों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और उन्हें सीट नहीं दी जाती। उनका दावा है कि हादसे में मृत छात्रा गेट के पास खड़ी थी, जिससे उसकी जान चली गई।

धरने की सूचना पर एसडीएम आकाश शर्मा और उपाधीक्षक जय भगवान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। श्री जय भगवान ने आश्वासन दिया कि फरार चालक और परिचालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस बीच, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक उनका धरना जारी रहेगा।

 

 

trfgcvkj.blkjhgfd
0
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

राज्य

शहर चुनें