फिरोजपुर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने तीन तस्करों को काबू किया है। तलाशी के दौरान तस्करों से छह किलो 155 ग्राम हेरोइन, दो किलो 795 ग्राम अफीम व अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। एएनटीएफ ने उक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएनटीएफ फिरोजपुर रेंज के एआईजी गुरिंदरबीर सिंह के मुताबिक उनको गुप्त सूचना मिलने पर आरोपी दविंदर सिंह वासी धर्मकोट, जिला मोगा को तीन किलो 55 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। उक्त हेरोइन पाकिस्तान से मंगवाई गई थी। इसी तरह टीम ने आरोपी प्रेम सिंह वासी माछीवाड़ा को काबू कर उसके पास से तीन किलो 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है। ये हेरोइन किसी को सप्लाई करने जा रहा था। इसके अलावा एएनटीएफ की टीम ने शक की बुनियाद पर अमृतसर निवासी रणजीत सिंह की स्विफ्ट कार रोक कर तलाशी ली। तलाशी लेने पर कार में से दो किलो 795 ग्राम अफीम, 204 ग्राम नशीली जड़ी बूटी, 485 ग्राम सफेद नशीला पाउडर व एक किलो 35 ग्राम काले रंग का नशीला तरल पदार्थ बरामद हुआ है।









