दिल्ली धमाके के बाद सफेदपोश आतंक मॉड्यूल के तार कश्मीर से जुड़ने के बाद से पुलिस सतर्कता बरत रही है। विशेष दस्ते हाईवे से लेकर आंतरिक इलाकों में तलाशी ऑपरेशन चला रहे हैं। शुक्रवार को विशेष टीम ने श्रीनगर का दिल कहलाए जाने वाले लाल चौक में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चलाया।इस दौरान होटलों की औचक जांच की गई। ऑपरेशन में पुलिस के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 132 बटालियन और 213 बटालियन की महिला जवानों ने जांच की। साथ ही सत्यापन ड्राइव चलाई। बड़ी गिनती में जवानों को सतर्क देखकर माहौल थोड़ी देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।अधिकारियों ने बताया कि यह ऑपरेशन होटलों, गेस्ट हाउस पर केंद्रित था ताकि गैर कानूनी गतिविधियों के लिए इनके इस्तेमाल को रोका जा सके। टीमों ने होटलों के रिकॉर्ड चेक किए। किसी भी मेहमान को कोई असुविधा न हो इसका ध्यान रखा गया।अधिकारी ने बताया कि एक टीम बाहर सतर्क रही जबकि बाकी टीमों ने होटलों में जाकर पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया। महिलाओं की टीम को खास तौर पर तैनात किया गया था। ऑपरेशन कई घंटों तक चला जिसमें संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। अधिकारियों ने होटल मालिकों और गेस्ट हाउस संचालकों को सलाह दी कि वे सत्यापन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।














