जिला शहरी पुलिस ने सुल्तानविंड में 20 नवंबर को हुई हथियारबंद लूट की वारदात को सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बलजीत सिंह उर्फ बुल्लाई, कनिष, करन सिंह उर्फ सूरज और वरुण भाटिया उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। इनमें से कनिष पुलिस मुठभेड़ में पांव में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि घटना के दिन तीन युवक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में घुसे और पिस्तौल दिखाकर 2.50 लाख रुपये नकदी और एक सोने का ब्रेसलेट लूट ले गए थे। थाना बी-डिवीजन में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने 22 नवंबर को मुख्य आरोपी बलजीत बुल्लाई को ग्लॉक पिस्टल और बुलेटप्रूफ जैकेट सहित गिरफ्तार कर लिया। बलजीत ने पूछताछ में अपने साथियों का खुलासा किया। 25 नवंबर की शाम पुलिस टीम ने वेहड़ा बाइपास के पास कनिष को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी फायर में वह घायल हो गया। उसके पास से पिस्टल बरामद हुई। कनिष से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने वल्ला क्षेत्र से सूरज और वरुण बिल्ला को दो पिस्टलों सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि चारों आरोपी पहले भी हथियार एक्ट, एनडीपीएस, स्नैचिंग और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में शामिल रहे हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल चार पिस्तौल और एक बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद की है। इन सभी के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज है फिलहाल सभी की जांच की जा रही है ताकि उनके और भी साथियों गिरफ्तार किया जा सके।














