श्रीनगर। जम्मू–कश्मीर पुलिस ने हाल ही में लश्कर–ए–तैयबा के अंतरराज्यीय आतंकी नेटवर्क के चार अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है जिनमें एक महिला भी शामिल है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये गिरफ्तारियां आतंकी मॉड्यूल की चल रही जांच के दौरान की गईं। इसी महीने की शुरुआत में पुलिस ने पाकिस्तान निवासी दो आतंकवादियों अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा और खुबैब उर्फ उस्मान बाही के साथ–साथ दनिहामा निवासी गुलाम मोहम्मद मीर उर्फ मामा को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान हजरतबल के रहने वाले इन चार ‘ओवरग्राउंड वर्कर’ को पकड़ा गया। इनके पास से कुछ हथियार और गोला–बारूद भी बरामद किया गया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।













