गुरदासपुर के मंडियाला निवासी इंटरनेशनल स्मगलर शहनाज सिंह उर्फ भिंडर को पासपोर्ट जारी करवाने के लिए झूठी रिपोर्ट देने के मामले में सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर प्रभजीत सिंह गिल समेत पांच पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को सस्पेंड कर दिया गया है और गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि गुरदासपुर के मंडियाला निवासी इंटरनेशनल स्मगलर शहनाज सिंह उर्फ भिंडर कनाडा होते हुए मैक्सिको के रास्ते अमेरिका पहुंचा था जहां वह कोकीन तस्करी में शामिल हो गया। अमेरिका में उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद वह भारत लौट आया। 9 मई 2025 को तरनतारन पुलिस ने उसे लुधियाना से गिरफ्तार किया था लेकिन दिसंबर 2025 में हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह रिहा हो गया। इसके बाद आरोपी ने पुलिस अधिकारियों से मिलीभगत कर पासपोर्ट बनवाने की साजिश रची। आरोप है कि करीब 25 लाख रुपये में डील तय हुई और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अमृतसर पासपोर्ट कार्यालय से एनओसी जारी करवा दी गई। इसी आधार पर उसे पासपोर्ट मिला और वह विदेश फरार हो गया। एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि मामले की जांच के बाद थाना सदर में केस दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी गई है।












