ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज :
मोहाली 9 अप्रैल, 2026
पंजाब में बिजली वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावशाली, पारदर्शी तथा उपभोक्ता-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पंजाब सरकार ने मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान और बिजली मंत्री श्री संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड का नया मुख्य अभियंता/वितरण पूर्वी ज़ोन कार्यालय मोहाली में स्थापित किया है। यह पहल बिजली प्रशासन को और अधिक सुचारु बनाने के साथ-साथ बिजली उपभोक्ताओं को समय पर और उच्च स्तरीय सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
नए ज़ोनल कार्यालय की स्थापना से बिजली प्रबंधन में निर्णय लेने की प्रक्रिया और अधिक तेज तथा प्रभावी होगी, जबकि फील्ड स्तर पर निगरानी और कार्यकुशलता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। इससे बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव होगा और सेवाओं के मानक और अधिक बेहतर होंगे।
पंजाब सरकार का यह दूरदर्शी निर्णय राज्य में मजबूत बिजली ढांचे, सुचारु प्रशासनिक व्यवस्था और उपभोक्ताओं के प्रति जिम्मेदार सेवाओं को और मजबूती प्रदान करेगा। इससे न केवल बिजली प्रबंधन में दक्षता बढ़ेगी, बल्कि बिजली उपभोक्ताओं को अपने समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यह महत्वपूर्ण पहल पंजाब सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत बिजली उपभोक्ताओं को पारदर्शी और भरोसेमंद बिजली सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर सुधार किए जा रहे हैं।
यह नया पूर्वी वितरण ज़ोन पंजाब का छठा वितरण ज़ोन है, जिसमें मोहाली, एरोसिटी, ज़ीरकपुर, लालड़ू, खरड़, कुराली, रोपड़, श्री आनंदपुर साहिब और समराला मंडल शामिल किए गए हैं। इससे पहले पटियाला (साउथ), बठिंडा (वेस्ट), लुधियाना (सेंट्रल), जालंधर (नॉर्थ) और अमृतसर (बॉर्डर) में ज़ोनल कार्यालय कार्यरत हैं।
नए ज़ोन की स्थापना से मोहाली, ज़ीरकपुर और रोपड़ सर्किल अब इसके अधीन आ जाएंगे, जिससे निगरानी में सुधार और फील्ड स्तर पर तेज कार्रवाई संभव हो सकेगी।
इस कार्यालय की स्थापना से लगभग 11 लाख उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पटियाला जाने की आवश्यकता नहीं होगी और मोहाली में ही सभी बिजली सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे समय और अन्य संसाधनों की महत्वपूर्ण बचत होगी।
इंजीनियर रतन मित्तल ने मुख्य अभियंता (पूर्वी वितरण) के रूप में कार्यभार संभाला
मुख्य अभियंता के रूप में कार्यभार संभालने के उपरांत इंजीनियर रतन मित्तल ने घोषणा की कि घरेलू, औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को नए बिजली कनेक्शन निर्धारित समय-सीमा के भीतर जारी करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने या अन्य शिकायतों का समाधान तेजी और कुशलता के साथ किया जाएगा।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक स्तर पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति लागू की जाएगी। उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की अनुचित मांग या अनावश्यक देरी का सामना करना पड़े तो तुरंत शिकायत दर्ज करवाई जाए, जिस पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।












