सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मेड संधू पर शनिवार को लोहारका रोड पर अज्ञात लोगों ने गोलियां मार दी। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां पर इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मेड संधू सड़क पर घायल हालत में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके साथी उन्हें उठाकर सड़क से ले जाते नजर आ रहे हैं। सड़क पर गोली के खोल भी पड़े दिखाई दे रहे हैं।पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। एडीसीपी सिटी 2 ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मेड संधू का करीब तीन महीने पहले निहंग जत्थेदार मनप्रीत सिंह खालसा के साथ विवाद हुआ था। उस समय निहंग पक्ष की ओर से मेड संधू की सोशल मीडिया गतिविधियों, पहनावे और पुरानी वीडियो को लेकर आपत्ति जताई गई थी। उन्हें ऐसी सामग्री से दूरी बनाने की चेतावनी भी दी गई थी।विवाद के दौरान मेड संधू ने सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने खुद में बदलाव किया है और पुरानी गलतियों को दोहराना बंद कर दिया है। उनका कहना था कि पुरानी वीडियो दोबारा सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने से विवाद खड़ा किया जा रहा है।अब मेड संधू पर हुए गोलीकांड के बाद पुलिस पुराने विवाद समेत अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, हमले के पीछे यही विवाद कारण है या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।





