-जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा, ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गूंजा नगर
कपूरथला। श्री राधा अष्टमी के पावन अवसर पर शनिवार को प्राचीन श्री महारानी साहिबा मंदिर से निकली श्री राधा-कृष्ण जी की भव्य संध्या फेरी ने कपूरथला की फिजाओं को कुछ ऐसा भक्तिमय कर दिया, मानो भक्तों को वृंदावन की पावन गलियों में श्री राधा रानी और श्री बांके बिहारी जी के दर्शन हो रहे हों। जैसे ही श्री राधा-कृष्ण जी की सजी हुई मनोहारी झांकी के साथ संध्या फेरी नगर की गलियों से निकली, श्रद्धा से नतमस्तक हुए भक्तों की आंखों में भक्ति और हृदय में राधा नाम की गूंज दिखाई दी।
शाम 5 बजे मंदिर परिसर से आरंभ हुई संध्या फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित शामिल हुए। कोई हाथ जोड़कर श्री राधा-कृष्ण जी के दर्शन कर रहा था तो कोई भजन-कीर्तन में लीन होकर ‘राधे-राधे’ का जाप कर रहा था। ढोल-मंजीरों और भक्ति संगीत की मधुर धुनों के बीच आगे बढ़ती संध्या फेरी ने पूरे वातावरण को कृष्णमय बना दिया।
संध्या फेरी के मार्ग में श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। श्री सत्यनारायण मंदिर, भगत सिंह चौक, शीतला मंदिर, जलेखाना और शालीमार बाग सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने संध्या फेरी का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। कहीं भक्तों ने अपने घरों के बाहर खड़े होकर श्री राधा-कृष्ण जी के समक्ष शीश नवाया तो कहीं पुष्प बरसाकर अपनी श्रद्धा अर्पित की। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो कपूरथला की सड़कें नहीं, बल्कि वृंदावन की वे पावन कुंज गलियां हों, जहां हर ओर केवल राधा नाम की मिठास घुली हुई है।
संध्या फेरी में शामिल श्रद्धालुओं के मुख से लगातार ‘राधे-राधे’, ‘श्री राधे’ और ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोष गूंजते रहे। भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं के चेहरे पर आनंद और संतोष साफ झलक रहा था। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस आध्यात्मिक वातावरण में स्वयं को भगवान श्री राधा-कृष्ण के चरणों के निकट महसूस कर रहा था।
श्री राधा अष्टमी श्री राधा रानी के प्राकट्य उत्सव के रूप में मनाई जाती है। भक्तों की मान्यता है कि राधा नाम का स्मरण मन को भक्ति और प्रेम से भर देता है। इसी भावना के साथ आयोजित इस संध्या फेरी में श्रद्धालुओं ने श्री राधा-कृष्ण जी का गुणगान करते हुए नगरवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
संध्या फेरी जब पुनः प्राचीन श्री महारानी साहिबा मंदिर पहुंची तो वातावरण जयघोषों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से श्री राधा-कृष्ण जी के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान ऐसा आध्यात्मिक वातावरण बना रहा कि कपूरथला की धरती पर मानो कुछ समय के लिए वृंदावन उतर आया हो और नगर की हर गली प्रेम से यही कह रही हो । इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान मोहित अग्रवाल,, महासचिव शशि पाठक, कोषाध्यक्ष अजीत कुमार, मंदिर के सचिव वालिया, प्रितपाल सिंह, श्री सत्यनारायण मंदिर के नरेश गोसाई, राजेश सूरी, आम आदमी पार्टी के हलका प्रभारी एडवोकेट करमबीर चंदी और नरिंदर सिंह मानसू, कमलजीत सिंह, मनमोहन शर्मा, चेतन सूरी, गऊशाला के प्रधान राकेश चोपड़ा, सुभाष मकरंदी, श्री शीतला माता मंदिर के प्रधान पवन धीर, मोहित गुप्ता, साहिल गुप्ता, सुनील कुमार, प्रमोद कुमार, विक्की गुप्ता, रछपाल सिंह, विकास गुप्ता, प्रदीप शर्मा, विक्की गुप्ता के अलावा बड़ी संख्या में भक्तजन व गणमान्य शामिल थे।








