कपूरथला, 02 अक्टूबर 2026: रेल डिब्बा कारखाना , कपूरथला में 17 सितंबर से ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल, आवासीय परिसर और आसपास के वातावरण के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को आर.सी.एफ. के महाप्रबंधक श्री अजय नन्दन द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाकर किया गया। उन्होंने सभी से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा आर.सी.एफ. परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के अंतर्गत आर.सी.एफ. में विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया। रैली के माध्यम से स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण तथा स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
स्वच्छता रैली के पश्चात पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। महाप्रबंधक श्री अजय नन्दन ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के साथ पौधारोपण कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण के प्रति आर.सी.एफ. की प्रतिबद्धता को दोहराया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।
अभियान के अंतर्गत ठोस कचरा प्रबंधन नियम, 2026 के तहत आर.सी.एफ. कॉलोनी में घर–घर जागरूकता अभियान चलाकर कचरे को चार अलग–अलग प्रकारों में अलग करने, घर के कचरे से खाद बनाने तथा एकल–उपयोग प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
आर.सी.एफ. कॉलोनी स्थित पंजाब सरकार के स्कूलों तथा केंद्रीय विद्यालय के बच्चों के लिए जागरूकता एवं प्रदर्शन सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों के माध्यम से बच्चों को गीले, सूखे, घरेलू खतरनाक तथा अन्य कचरे को अलग–अलग रखने, कचरे के उचित निस्तारण तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता, कला प्रतियोगिताओं तथा नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के दौरान वर्कशॉप, कार्यालयों एवं कॉलोनी में सफाई के लिए लक्षित क्षेत्रों की पहचान कर उनकी गहन सफाई, अनावश्यक सामग्री एवं कचरे को हटाने तथा नालियों एवं शौचालयों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग, प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों तथा स्वच्छता सेल्फी प्वाइंट जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
आर.सी.एफ. द्वारा क्लियर डेस्क, न्यूनतम प्रिंटिंग, डिजिटल दस्तावेजीकरण, पुनः उपयोग योग्य बोतलों एवं कपों तथा सौर ऊर्जा से संचालित उपकरणों के रखरखाव को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस अभियान के माध्यम से आर.सी.एफ. कपूरथला द्वारा स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक व्यवहार, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और सामूहिक उत्तरदायित्व का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छ एवं हरित आर.सी.एफ. परिसर के निर्माण में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारों तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी को अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





