ट्रिब्यून टाइम्स न्यूज
कपूरथला, 30 अगस्त 2026
पंजाब के फिरोजपुर जिले के ममडोट में आम आदमी पार्टी के नेता गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की सरेआम हत्या ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों को लगातार निशाना बनाया जाना पुलिस तंत्र के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।हमलावरों में कानून का खौफ क्यों नहीं दिख रहा, यह भी जांच का अहम विषय है।इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारणी के सदस्य उमेश शारदा ने आरोप लगाया कि पंजाब में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता के साथ-साथ राजनेता भी सुरक्षित नहीं हैं।शारदा ने कहा कि पंजाब में अराजकता का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।शारदा ने कहा कि जब सत्ताधारी दल के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।उन्होंने सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा कि प्रदेश में खून-खराबा कब थमेगा। लगातार हो रही वारदातों ने सरकार के लिए कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाना बड़ी परीक्षा बना दिया है।शारदा ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा स्टेज चलाने और स्टेट चलाने में फर्क होता है।मुख्यमंत्री अभी भी केवल मंच संभाल रहे हैं और राज्य को संभालने में पूरी तरह नाकाम रहे हैं।शारदा ने कहा कि पंजाब में हत्याएं और जबरन वसूली अब रोजमर्रा का कारोबार बन चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार में कानून-व्यवस्था अपराधियों और गैंगस्टरों के हाथों की कठपुतली बनकर रह गई है।उन्होंने कहा गायक,कारोबारी, राजनेता,नौकरीपेशा लोग,कबड्डी खिलाड़ी समाज का हर वर्ग संगठित अपराध का शिकार बन रहा है।पुलिस को पेशेवर कानून प्रवर्तन एजेंसी की जगह आप नेतृत्व की निजी मसलमैन फोर्स में बदला जा रहा है।उन्होंने आगे कहा कि अपराधियों का हौसला इसलिए बढ़ा है क्योंकि उन्हें एक भ्रमित,दिशाहीन और राजनीतिक हस्तक्षेप से ग्रस्त प्रशासन नजर आता है।जब अपराधियों को तुरंत सजा नहीं मिलती, पुलिस का मनोबल टूटता है और राजनीतिक दबाव जांच में हस्तक्षेप करता है,तो अपराध स्वतःफलता-फूलता है।शारदा ने कहा कि गैंगस्टरों ने पहले कांग्रेस,फिर अकाली दल और अब आम आदमी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है,जो सरकार की साख पर सीधा हमला है।शारदा ने हत्या में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा पंजाब को बहानों की नहीं,ठोस नतीजों की जरूरत है,ताकि लोग शांति से जी सकें।मौजूदा हालात डरावने हैं और पूरे राज्य में भय का माहौल है।








